
उमरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के प्रयास के मामले में फरार तीन आरोपी गिरफ्तार
भिण्ड। उमरी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को फरियादी इन्द्रजीत सिंह उर्फ रामू पुत्र नरहरी सिंह राजावत, निवासी खरिका की रिपोर्ट पर उमरी थाने में अपराध क्रमांक 234/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भिण्ड सूरज कुमार वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के निर्देशन तथा अनुभवी अधिकारी सतीश सिंह के मार्गदर्शन में उमरी पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस को 4 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में फरार तीन आरोपी खरिका मोड़ पर खड़े हैं और कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना पर उमरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए हुलिए के आधार पर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी अपराध सदर में नामजद हैं और घटना के बाद से फरार चल रहे थे। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय भिण्ड में पेश किया गया। इनमें से एक आरोपी को 5 अक्टूबर और दो आरोपियों को 6 अक्टूबर को न्यायिक निरोध में भेजा गया।
हथियार भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर की लाइसेंसी बंदूक और एक बल्लम भी बरामद कर विधिवत जब्त किया है।
पुलिस ने कार्रवाई में थाना प्रभारी उमरी निरीक्षक बृजेन्द्र सिंह सेंगर सहित उपनिरीक्षक रविसिंह कुशवाह और पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका बताई है।
Gormi, Bhind | Oct 6, 2026