
"सोशल मीडिया पर गालियां, अश्लील मैसेज और कथित धमकियां... अब उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय महामंत्री ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया
हल्द्वानी: सोशल मीडिया पर अभद्र और कथित धमकी भरे संदेशों का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के केंद्रीय महामंत्री सुशील उनियाल ने अपने पर्सनल इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगातार भेजे जा रहे अश्लील, अभद्र एवं कथित धमकी भरे निजी संदेशों को लेकर कोतवाली हल्द्वानी में लिखित तहरीर दी है।
सुशील उनियाल ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि पिछले कुछ समय से उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे हैं। उनका कहना है कि कई संदेशों में इस्तेमाल की गई भाषा इतनी अशोभनीय और आपत्तिजनक है कि उसे सार्वजनिक करना भी उचित नहीं है। उन्होंने इन संदेशों के स्क्रीनशॉट सहित अन्य डिजिटल साक्ष्य भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं।
यूकेडी नेता ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों की पहचान करने तथा दोषियों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की लागू धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
सुशील उनियाल ने कहा कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का माध्यम है, लेकिन इसका दुरुपयोग कर किसी व्यक्ति को अश्लील संदेश भेजना, अपमानित करना या धमकाना कानूनन अपराध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस इस मामले में शीघ्र कार्रवाई कर दोषियों को न्याय के कटघरे तक पहुंचाएगी।
फिलहाल पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
#haldwani #nainital #uttarakhand #pahad #viral #top #news