
#महोबा - प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत जिला स्तरीय मानीटरिंग कमेटी की बैठक , जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में आहूत की गयी। जिलाधिकारी द्वारा बैठक में उपस्थित विभागीय अधिकारियों से जनपद में विगत दिवसों में अतिवृष्टि से हुई फसल क्षति की सूचना चाही गयी है। जिस पर उपस्थित उप जिलाधिकारी, महोबा/ चरखारी / कुलपहाड़ द्वारा अवगत कराया गया कि मूंग, तिल एवं उर्द फसल में 70 से 80 प्रतिशत तक की क्षति परिलक्षित हो रही है । बैठक में उपस्थित बीमा कम्पनी के क्षेत्रीय प्रबन्धक शैलेन्द्र शुक्ला द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में स्थानिक आपदा अन्तर्गत अब तक 55758 सूचना सहदावा बीमा कम्पनी को सर्वे हेतु प्राप्त हुए हैं। जिसके सापेक्ष अब तक 13485 दावों का सर्वे कार्य पूर्ण किया जा चुका है। जनपद में अतिवृष्टि से हुई व्यापक फसल क्षति के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं बीमा कम्पनी के प्रतिनिधियों को निर्देश दिये कि ग्राम पंचायत स्तर पर राजस्व विभाग के क्षेत्रीय लेखपाल, कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारी एवं बीमा कम्पनी के प्रतिनिधि की संयुक्त जॉच समिति का गठन कर फसल क्षति का संयुक्त सर्वेक्षण कार्य 15 दिवस में पूर्ण कर सर्वेक्षण आख्या फसल क्षति आंकलन एवं भुगतान हेतु बीमा कम्पनी को प्राथमिकता पर प्रेषित करें तथा बीमा कम्पनी द्वारा अगले 30 दिवस के अन्दर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्राविधानानुसार फसल क्षति का आंकलन कर फसल क्षतिपूर्ति लाभार्थी कृषकों के बैंक खातों में डी०बी०टी० के माध्मय से हस्तांतरित करना सुनिश्चित करें। साथ ही जिलाधिकारी द्वारा कड़े निर्देश दिये गये कि संयुक्त सर्वेक्षण समिति के सभी सदस्यों की उपस्थिति में ही सर्वेक्षण कार्य किया जाये तथा सर्वेक्षण फार्म में फसल क्षति का प्रतिशत कृषक के समक्ष ही भरा जाये, तदोपरान्त ही कृषक का हस्ताक्षर कराया जाये। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०), महोबा, उप कृषि निदेशक महोबा, उप जिलाधिकारी, महोबा/ चरखारी / कुलपहाड, तहसीलदार, महोबा / चरखारी एवं बीमा कम्पनी के क्षेत्रीय प्रबन्धक, इफको टोकियो जनरल इंश्योरेंस कम्पनी लि०, लखनऊ व बीमा कम्पनी के अन्य प्रतिनिधि / कर्मचारी उपस्थित रहे ।
#mahoba #kisan #nsws #highlights
Mahoba, Mahoba | Sep 12, 2026