
*ग्राम धौरमुई में अवाप्तिशुदा भूमि पर शेष निर्माण हटाने की कार्रवाई पूर्ण*
भरतपुर, 25 अगस्त। उपखंड अधिकारी भरतपुर भारती गुप्ता के दिशा-निर्देशन एवं तहसीलदार भरतपुर के निर्देशानुसार ग्राम धौरमुई में आरओबी एलसी-250 के मौके पर अवाप्तिशुदा भूमि पर किए गए शेष निर्माणों को हटाने की कार्रवाई पूर्ण की गई। कार्रवाई के दौरान रेलवे विभाग के कार्मिकों के साथ पर्याप्त पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात रहा।
रेलवे विभाग द्वारा पूर्व में चिह्नित किए गए निर्माणों में से कार्रवाई के बाद शेष रह गए निर्माणों को नियमानुसार हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ ग्रामीणों द्वारा निर्माण हटाने में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया गया। इस पर प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश कर कार्रवाई में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया।
स्थिति के अनुरूप पुलिस बल का सहयोग लेते हुए रेलवे विभाग द्वारा चिह्नित सभी शेष निर्माणों को हटवा दिया गया। इस प्रकार आरओबी एलसी-250 से संबंधित निर्माण हटाने की कार्रवाई पूर्ण हुई।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि सार्वजनिक परियोजनाओं एवं आरओबी निर्माण से संबंधित कार्यों में बाधक अवैध अथवा अवाप्तिशुदा भूमि पर स्थित निर्माणों को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के उपरांत मौके पर मौका पर्चा तैयार किया गया। उपस्थित तहसीलदार बनवारी लाल, पुलिस विभाग से सीओ ग्रामीण कन्हैया लाल तथा रेलवे विभाग से पीयूष धाकड़ द्वारा मौका पर्चा मौके पर उपस्थित संबंधित व्यक्तियों को पढ़कर सुनाया गया। इसके पश्चात संबंधित व्यक्तियों के हस्ताक्षर भी करवाए गए।
प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के चलते ग्राम धौरमुई में आरओबी एलसी-250 से संबंधित शेष निर्माण हटाने की कार्रवाई शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं नियमानुसार संपन्न हुई।