
साइबर थाना की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को लौटे 21 हजार रुपये,
शिवहर। साइबर अपराध के खिलाफ शिवहर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर), शिवहर के नेतृत्व में साइबर थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के पीड़ित के 21 हजार रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार तरियानी छपरा थाना क्षेत्र के बेलहिया गांव निवासी प्रवीण कुमार के बैंक खाते से 21,000 रुपये गलत खाते में ट्रांसफर हो गए थे। राशि ट्रांसफर होने की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने साइबर थाना से संपर्क कर इसकी शिकायत की।
शिकायत प्राप्त होते ही साइबर थाना की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित तकनीकी कार्रवाई शुरू की। टीम ने तकनीकी सहयोग के माध्यम से गलत खाते में ट्रांसफर हुई राशि को सुरक्षित कराया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए पूरी 21 हजार रुपये की राशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी।
पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है। साइबर थाना ने आम लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सावधानी बरतें और किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी साइबर थाना को सूचना दें, ताकि समय रहते ठगी की राशि को सुरक्षित कर वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।