
दीपावली पर सुरक्षा एवं प्राथमिक उपचार को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
आगामी दीपावली त्योहार को सुरक्षित एवं उत्साहपूर्वक मनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. व्ही.एस. चंदेल द्वारा आमजन के लिए सुरक्षा एवं प्राथमिक उपचार संबंधी एडवाइजरी जारी की गई है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार की खुशियों के साथ अपनी और परिवार की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखें।
डॉ. चंदेल ने बताया कि पटाखे जलाते समय ट्रांसपेरेंट चश्मे का उपयोग करें तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखें। सूती कपड़े पहनें और बच्चों को बिना निगरानी पटाखे न जलाने दें। तेज हवा एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पटाखे न जलाएं। पटाखे न फूटने पर उनके पास तुरंत न जाएं, कुछ समय प्रतीक्षा करें और पानी डालकर सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करें। अस्थमा एवं हृदय रोगी धुएं और तेज आवाज से बचें तथा प्रशासन द्वारा अनुमोदित पटाखों का ही उपयोग करें।
उन्होंने बताया कि पटाखों से जलने या चोट लगने पर प्रभावित हिस्से को तत्काल 10 से 20 मिनट तक साफ ठंडे पानी से धोएं। जले हुए स्थान पर कसे हुए कपड़े एवं आभूषण सावधानीपूर्वक हटाएं। गंभीर चोट या गहरे घाव की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचें। पटाखों के रासायनिक कण आंखों में जाने, जलन, लालिमा, सूजन या तेज दर्द होने पर आंखों को 15 से 20 मिनट तक साफ पानी से धोकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें। आंखों को रगड़ने से बचें तथा साफ कपड़े या पट्टी से ढकें।
जिला किशोर स्वास्थ्य समन्वयक ने किशोरों एवं युवाओं से अपील की है कि अनार, चकरी एवं बम हाथ में रखकर न जलाएं तथा पटाखे किसी व्यक्ति या पशु की ओर न फेंकें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिलेवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए मिठाई एवं खाद्य पदार्थों की खरीदी में गुणवत्ता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखने तथा अधिक से अधिक घर में बनी मिठाइयों का उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने सभी नागरिकों से सुरक्षित एवं स्वस्थ दीपावली मनाने का आग्रह किया।
#jansamparkmp
#umaria