
‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ सुनकर चढ़ा सिंधिया का पारा, बोले- ‘मुझसे ऐसी भाषा में बात मत करना’; कांग्रेस बोली- 'सत्ता का अहंकार...।'
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
भोपाल। मध्य प्रदेश के गुना में सड़क निर्माण की मांग को लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और स्थानीय रहवासियों के बीच हुई बातचीत का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक स्थानीय व्यक्ति सड़क समय पर नहीं बनने पर आगामी चुनाव में वोट नहीं देने की बात कहता सुनाई दे रहा है।
यह सुनकर सिंधिया भड़क गए और उन्होंने कहा कि मेरे सामने इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कभी मत करना, समझ गए। जब उस शख्स ने अपनी बात पर सफाई देनी चाही तो सिंधिया उसे बीच में ही टोकते हुए बोले- ' मैं सबकी बात कर रहा हूं। आप आके मेरे पास निवेदन करो, मेरी जिम्मेदारी है कि काम हो। ओके!'
जानकारी के अनुसार, गुना दौरे के दौरान सिंधिया का काफिला स्थानीय लोगों ने रोक लिया। रहवासियों ने लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण और जर्जर मार्ग की समस्या उनके सामने रखी। लोगों का कहना था कि सड़क की हालत खराब होने के कारण क्षेत्रवासियों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।