
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सारण जिले के सोनपुर शहर स्थित स्काउट एंड गाइड सेंटर में संचालित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में रह रहे बाढ़ प्रभावित परिवारों से आत्मीयता के साथ बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित लोगों के साथ भोजन कर कम्युनिटी किचन में तैयार भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने पंजीकरण-सह-नियंत्रण कक्ष, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग आवासन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। राहत शिविर में रह रहे लोगों ने भोजन, आवासन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था पर संतोष जताया।
मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र एवं शैक्षणिक शिविर का निरीक्षण कर बच्चों से पढ़ाई और खान-पान को लेकर बातचीत की। उन्होंने निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं हो और उन्हें जरूरी शैक्षणिक सुविधाएं मिलती रहें।
स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बीमार लोगों को तत्काल इलाज उपलब्ध कराने तथा पशुओं के लिए पर्याप्त दवाइयों और चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ में डूबने से हुई मृत्यु के मामलों में मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है। वहीं, बाढ़ से फसल को हुए नुकसान का आकलन कर किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है। स्थिति सामान्य होने के बाद घर-घर जाकर नुकसान का आकलन कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि गंगा के जलस्तर में करीब 17 से 18 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई है और अगले दो-तीन दिनों में स्थिति में और सुधार की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने गंगा में बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, विधायकगण, जनप्रतिनिधि एवं कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
#सम्राटचौधरी #सोनपुर #सारण #बाढ़ #बाढ़राहत #राहतशिविर #बिहार #बाढ़पीड़ित #आपदाराहत #मुख्यमंत्री #गंगाबाढ़ #सारणन्यूज #Sonpur #Saran #FloodRelief #biharnewsedtejashwiyadav