
मां धारी देवी मंदिर के समीप बनेगी 100 वाहनों की आधुनिक पार्किंग, भूमि चिह्नित
महापौर आरती भंडारी की पहल पर आगे बढ़ी प्रक्रिया, दो मंजिला पार्किंग के निर्माण की तैयारी
श्रीनगर। मां धारी देवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही पार्किंग की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। मंदिर के समीप करीब 100 वाहनों की क्षमता वाली दो मंजिला आधुनिक पार्किंग बनाने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। इसके लिए ग्राम कलियासौड़, पट्टी चलणल्यूं में 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है।
पार्किंग निर्माण की पहल महापौर आरती भंडारी ने की थी। उन्होंने अप्रैल 2026 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर मंदिर क्षेत्र में पार्किंग निर्माण का अनुरोध किया था। साथ ही मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 61/2023 के तहत प्रस्तावित पार्किंग नगर निगम श्रीनगर को आवंटित करने की मांग भी उठाई थी। प्रस्तावित योजना के अनुसार करीब 20 मीटर × 70 मीटर क्षेत्र में दो मंजिला पार्किंग का निर्माण किया जाना है। इसमें लगभग 100 ईसीएस (कार पार्किंग इकाइयों) की क्षमता प्रस्तावित है। चिह्नित भूमि का जीआईएस सर्वेक्षण भी पूरा हो चुका है। वहीं, जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी की ओर से कार्यदायी संस्था नामित करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।
भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया बाकी
चिह्नित भूमि के अभिलेख श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज हैं और इसका प्रबंधन अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड कर रही है। ऐसे में भूमि हस्तांतरण से पहले संबंधित कंपनी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लिया जाना आवश्यक है। इसके बाद भूमि हस्तांतरण और पार्किंग के तकनीकी डिजाइन सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
महापौर आरती भंडारी ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने मां धारी देवी मंदिर क्षेत्र में पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने का वादा किया था। इसी क्रम में मुख्यमंत्री के समक्ष यह मांग रखी गई थी। उन्होंने कहा कि पार्किंग बनने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी। विशेषकर नवरात्र और चारधाम यात्रा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों के दबाव और जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।
पार्किंग परियोजना पूरी होने पर मां धारी देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को व्यवस्थित वाहन पार्किंग की सुविधा मिलने के साथ ही मंदिर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।