
राष्ट्रीय कवि जगदीश सोलंकी ने सरस्वती कॉलोनी स्थित अपने आवास पर डॉ. प्रभात कुमार सिंघल की बाल पुस्तक ‘आओ बच्चों घूमें अलबेला राजस्थान’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कविता और कहानियों के साथ-साथ बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक साहित्य की भी आज अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने इस पुस्तक को लीक से हटकर किया गया सार्थक प्रयास बताते हुए कहा कि पर्यावरण, विज्ञान, सूचना क्रांति और तकनीकी जैसे आधुनिक विषयों पर बाल साहित्य लेखन समय की मांग है। विशिष्ट अतिथि एडवोकेट अख्तर खान अकेला ने कहा कि इस प्रकार का साहित्य बच्चों के लिए नए ज्ञान के द्वार खोलने का कार्य करेगा। पुस्तक के लेखक डॉ. प्रभात कुमार सिंघल ने बताया कि राजस्थान की कला, संस्कृति और पर्यटन को केंद्र में रखकर 24 अध्यायों में तैयार की गई इस पुस्तक में प्रत्येक अध्याय के साथ आकर्षक रेखाचित्र भी दिए गए हैं, जो बच्चों में पढ़ने के प्रति उत्सुकता बढ़ाते हैं। किशोर आयु वर्ग के लिए लिखी गई यह पुस्तक घर बैठे राजस्थान को जानने और समझने की एक उपयोगी पर्यटन गाइड के रूप में भी काम करेगी। कार्यक्रम में पत्रकार के.डी. अब्बासी सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
Ladpura, Kota | Jun 22, 2026