
शैक्षिक उपलब्धियों के साथ व्यवस्थाओं की चुनौतियों पर भी मंथन
सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय शाहनगर में शैक्षिक संवाद एवं शाला प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित
शाहनगर। सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शाहनगर में शैक्षिक संवाद एवं शाला प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित गतिविधियों तथा विद्यालय की मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष रामलखन तिवारी, भवन समिति अध्यक्ष गजेंद्र सिंह, शैक्षिक समिति अध्यक्ष अमर सिंह राठौर, प्राचार्य बी.एल. पाण्डेय, लीडर सम्पत मिश्रा सहित शिक्षक, अभिभावक एवं गैर-शैक्षणिक अमला मौजूद रहा।
प्राचार्य द्वारा त्रैमासिक परीक्षा परिणाम की जानकारी देने के साथ विद्यालय में संचालित एनसीसी, स्काउट-गाइड, रेडक्रॉस, आर्ट एंड क्राफ्ट, संगीत, नृत्य एवं पुस्तकालय जैसी गतिविधियों तथा विभिन्न शैक्षिक कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। इन गतिविधियों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया।
वहीं बैठक में सदस्यों ने इस बात पर जोर दिया कि विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों के साथ मूलभूत सुविधाओं और परिसर की व्यवस्थाओं का मजबूत होना भी जरूरी है। नए भवन में कक्षाएं प्रारंभ होने के बावजूद विद्युत व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल सहित कुछ कार्यों को लेकर सुधार की आवश्यकता पर चर्चा हुई।
विद्यालय परिसर की स्वच्छता और अनुशासन भी बैठक का प्रमुख मुद्दा रहा। कॉरिडोर, सीढ़ियों और दीवारों पर गुटखा-पान मसाला थूकने के निशान, कुछ स्थानों पर जाले तथा बाथरूम के आसपास दुर्गंध जैसी समस्याओं पर सदस्यों ने चिंता जताई। साथ ही पर्याप्त सफाई सामग्री एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई गई।
समिति सदस्यों का कहना रहा कि उत्कृष्ट विद्यालय केवल बेहतर भवन का नाम नहीं, बल्कि स्वच्छ, सुरक्षित, अनुशासित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण का भी नाम है। इसके लिए विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक और शाला प्रबंधन समिति को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।
बैठक में कार्यों के प्रभावी विकेंद्रीकरण, संबंधित समितियों एवं कर्मचारियों को उनकी भूमिका के अनुरूप जिम्मेदारी देने तथा बेहतर समन्वय और टीम भावना से कार्य करने पर भी जोर दिया गया।
समिति ने उम्मीद जताई कि आगामी बैठक तक मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, अनुशासन और परिसर रखरखाव से जुड़े मुद्दों में ठोस सुधार दिखाई देगा, ताकि सांदीपनि विद्यालय की शैक्षिक पहचान के अनुरूप उसकी जमीनी व्यवस्थाएं भी और मजबूत हो सकें।
#शाहनगर #सांदीपनि_विद्यालय #शाला_प्रबंधन_समिति #शिक्षा_व्यवस्था #पन्ना