लगातार बारिश से मनकौरा में तबाही, आधा दर्जन मकान धराशायी; गौशालाएं गिरीं तो बेघर हुआ गौवंश
रैपुरा। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने रैपुरा तहसील क्षेत्र के ग्राम मनकौरा में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। बारिश के चलते गांव में करीब आधा दर्जन कच्चे मकानों के गिरने की जानकारी सामने आई है। मकानों के धराशायी होने से प्रभावित परिवारों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ रहने और गृहस्थी का सामान सुरक्षित रखने की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश का असर घरों तक ही सीमित नहीं रहा। कई स्थानों पर गौशालाएं भी गिर गईं, जिसके चलते कई गौवंश खुले में आ गए हैं। लगातार बारिश के बीच पशुओं को सुरक्षित और सूखा आश्रय उपलब्ध कराना ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
ग्रामीणों के मुताबिक, कई घरों में रखा गृहस्थी का सामान, कृषि यंत्र, चारा और भूसा भी बारिश की चपेट में आने से खराब हुआ है। प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर नियमानुसार आर्थिक सहायता, आवास और गौवंश के लिए सुरक्षित व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।
तस्वीरों में देखिए मनकौरा में बारिश से हुए नुकसान का मंजर।
#रैपुरा #मनकौरा #पन्ना #बारिश_का_कहर #गौवंश