
जिला नियोजनालय, नवादा द्वारा 24 अक्टूबर को रोजगार कैम्प का आयोजन, टाटा मोटर्स में एनएपीएस ट्रेनी के 60 पदों पर होगी भर्ती।
जिला नियोजन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सुमन ने बताया कि युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार, पटना के निर्देशानुसार जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर, नवादा द्वारा दिनांक 24.10.2026 को संयुक्त श्रम भवन (सरकारी आईटीआई), नवादा के प्रांगण में रोजगार कैम्प का आयोजन किया जाएगा। इस कैम्प में क्वेस कॉर्प लिमिटेड, पटना के माध्यम से टाटा मोटर्स में एनएपीएस ट्रेनी के कुल 60 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता दसवीं, बारहवीं, स्नातक अथवा आईटीआई निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 23 वर्ष निर्धारित है। चयनित अभ्यर्थियों का कार्यस्थल पुणे, जमशेदपुर एवं अहमदाबाद (सानंद) होगा। वेतन के रूप में जमशेदपुर के लिए ₹13,088, पुणे के लिए ₹19,250 तथा अहमदाबाद (सानंद) के लिए ₹17,168 निर्धारित है। इसके अतिरिक्त चयनित अभ्यर्थियों को मेडिकल, बस परिवहन एवं कैंटीन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों एवं पहचान-पत्र की छायाप्रति, रंगीन फोटो तथा बायोडाटा के साथ चयन हेतु रोजगार कैम्प स्थल संयुक्त श्रम भवन (सरकारी आईटीआई), नवादा के प्रांगण में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। रोजगार कैम्प का आयोजन पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक किया जाएगा।
जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि रोजगार कैम्प में केवल वे अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे, जो बिहार के रोजगार सेतु पोर्टल एवं एनसीएस पोर्टल पर निबंधित हैं। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक निबंधन नहीं कराया है, वे रोजगार कैम्प में भाग लेने से पूर्व संबंधित पोर्टलों पर स्वयं अथवा जिला नियोजनालय, नवादा के माध्यम से अपना निबंधन करा सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नियोजक निजी क्षेत्र के हैं तथा नियोजन की शर्तों के लिए नियोजक स्वयं उत्तरदायी होंगे। जिला नियोजनालय की भूमिका केवल सुविधा प्रदाता के रूप में होगी।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Oct 22, 2026