
न आदेश, न मानदेय… फिर भी रोज झाड़ू लेकर हेंसल बाजार पहुंचती हैं सालगे टुडू
राजनगर।
सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड के हेंसल बाजार में एक महिला अपनी अनोखी पहल से स्वच्छता की मिसाल पेश कर रही हैं। गोवर्धन गांव की रहने वाली सालगे टुडू पिछले करीब दो महीनों से बिना किसी सरकारी आदेश, निश्चित मानदेय या संस्था के सहयोग के रोज सुबह हाथ में झाड़ू लेकर बाजार पहुंचती हैं और सफाई में जुट जाती हैं।
सालगे टुडू वर्तमान में हेंसल स्थित सिंचाई कॉलोनी में रहती हैं। बाजार की सड़क, दुकान के सामने और आसपास गंदगी दिखाई देने पर वह खुद उसे साफ करती हैं। लगातार सफाई के कारण बाजार की तस्वीर में भी बदलाव नजर आने लगा है।
सालगे के मुताबिक, एक दिन उन्हें सपना आया था, जिसमें हेंसल बाजार को साफ-सुथरा रखने का संदेश मिला। इसके बाद उन्होंने इसे अपने जीवन का संकल्प मान लिया और सफाई को अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या बना लिया।
सालगे की जिंदगी में मुश्किलें भी कम नहीं रही हैं। उनके पति बिक्रम टुडू सिंचाई विभाग में कार्यरत थे, जिनका करीब तीन वर्ष पहले निधन हो गया। पति की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारियां उनके कंधों पर आ गईं। उनके अनुसार, पति की दो पत्नियां थीं और वह बड़ी पत्नी हैं। छोटी पत्नी को पेंशन का लाभ मिल रहा है, जबकि वह खुद अब तक पेंशन से वंचित हैं।
सालगे बताती हैं कि उनका आधार कार्ड, वोटर कार्ड और राशन कार्ड मायके के पते से जुड़ा होने के कारण उन्हें पेंशन का लाभ नहीं मिल पाया है। परिवार में दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है, जबकि बेटा अभी बेरोजगार है।
इन तमाम परेशानियों के बावजूद सालगे ने हेंसल बाजार की सफाई का संकल्प नहीं छोड़ा। उनका कहना है कि बाजार साफ रहेगा तो लोगों को अच्छा लगेगा और गंदगी से होने वाली बीमारियों से भी बचाव होगा।
वह दुकानदारों और बाजार आने वाले लोगों से भी अपील करती हैं कि कूड़ा-कचरा सड़क पर इधर-उधर न फेंकें। उनका मानना है कि अगर हर व्यक्ति अपने आसपास की सफाई की जिम्मेदारी समझे तो बाजार को हमेशा स्वच्छ रखा जा सकता है।
हेंसल बाजार में सालगे टुडू की यह पहल इस बात की मिसाल है कि बदलाव के लिए हमेशा बड़े संसाधनों की जरूरत नहीं होती। एक व्यक्ति की छोटी-सी पहल भी समाज को बड़ा संदेश दे सकती है। बिना किसी निश्चित मानदेय के रोज झाड़ू उठाने वाली सालगे टुडू स्वच्छता के साथ-साथ लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझने का संदेश भी दे रही हैं।
#राजनगर #सरायकेलाखरसावां #हेंसल #हेंसल_बाजार #सालगे_टुडू #स्वच्छता #स्वच्छता_अभियान #झारखंड #सरायकेला #राजनगर_न्यूज #JharkhandNews #Saraikela #RajnagarNews #ChhotanagpurLive