ट्रैक्टर से दबकर चार वर्षीय मासूम की मौत
क्षेत्र के अमहर पट्टी दक्षिण (सड़ौली) गांव में शुक्रवार शाम मिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से चार वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। ग्रामवासी धर्मेंद्र कुमार की पुत्री सृष्टि अपनी मां के साथ छठ पर्व की खरीदारी करने रसड़ा आई थी। बाजार से घर लौटने के बाद मां घर के अंदर चली गई, जबकि सृष्टि घर के बाहर सड़क के पास खेलने लगी। इसी दौरान मिट्टी लदा ट्रैक्टर वहां से गुजरा और बच्ची उसकी चपेट में आ गई। गंभीर रूप से घायल सृष्टि को परिजन तत्काल रसड़ा अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक का माहौल है।