
*स्वयं सहायता समूह में भूमिका और जिम्मेदारी पर दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित*
कृषक प्रशिक्षण केंद्र सुंदरनगर में हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना (चरण-II) के सौजन्य से “स्वयं सहायता समूह में भूमिका और जिम्मेदारी” विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंडी जिले की तीन उप-परियोजनाओं से संबंधित 42 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया, जिनमें 40 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल रहे।
उप-प्रधानाचार्य कृषक प्रशिक्षण केंद्र सुंदरनगर डॉ. जगदीश जंजीहा ने प्रशिक्षुओं का स्वागत करते हुए परियोजना के उद्देश्यों तथा स्वयं सहायता समूहों की भूमिका के बारे में जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान कृषि विभाग के सेवानिवृत्त विषय विशेषज्ञ डॉ. अनिल शर्मा, पंजाब नेशनल बैंक मंडी के सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक श्री हरि सिंह कौंडल, सेवानिवृत्त कृषि उप-निदेशक डॉ. रवि शर्मा एवं डॉ. ए.आर. शर्मा तथा प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. सुधीर ने विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया।
विशेषज्ञों ने स्वयं सहायता समूहों की आवश्यकता, अवधारणा, गठन एवं संचालन, दस्तावेजों के रख-रखाव व ऑडिट, बैंक से जुड़कर योजनाओं का लाभ उठाने, आजीविका संबंधी गतिविधियों, नेतृत्व, समूह गतिशीलता तथा सामूहिक निर्णय प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही टीम निर्माण, आपसी विश्वास, पारदर्शिता, विवाद समाधान और समूहों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने पर भी चर्चा की गई।
प्रशिक्षुओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए परियोजना के विभिन्न घटकों के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं एवं उनके संभावित समाधानों पर विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कृषि विकास अधिकारी राजेश कुमार, अशोक कुमार तथा अनूप शर्मा का विशेष सहयोग रहा।
Dharmpur, Mandi | Aug 21, 2026