
रूस के अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमका हरदा का नाम, अंशुल दुगायाँ ने किया भारत का प्रतिनिधित्व
अनोखा तीर, हरदा। जिले के लिए गर्व का क्षण है कि हरदा के युवा अंशुल दुगायाँ ने रूस के व्लादिवोस्तोक में आयोजित 11वें ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम (Eastern Economic Forum) में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। अंशुल ने जबलपुर के युवा कुनाल रल्हन के साथ इस प्रतिष्ठित फोरम में भाग लेकर मध्यप्रदेश सहित हरदा का नाम गौरवान्वित किया।
हरदा निवासी एवं राकेश कुमार दुगायाँ के पुत्र अंशुल दुगायाँ ने फोरम के दौरान भारत और रूस के बीच मित्रता, सहयोग और साझेदारी के विभिन्न आयामों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने सांस्कृतिक एवं आर्थिक संबंधों, व्यापारिक सहयोग की संभावनाओं और भविष्य की साझेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और संवाद में सक्रिय सहभागिता की।
अंशुल ने वैश्विक मंच पर भारत की सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, व्यापारिक संभावनाओं और युवाओं की भूमिका से जुड़े विषयों को भी प्रमुखता से सामने रखने का प्रयास किया। उनके साथ जबलपुर के कुनाल रल्हन ने भी भारत का प्रतिनिधित्व किया।
गौरतलब है कि इस प्रतिष्ठित ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम में पूर्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हो चुके हैं। ऐसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मंच पर हरदा के युवा की सहभागिता जिले के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
रूस की धरती पर भारत का प्रतिनिधित्व कर अंशुल दुगायाँ ने हरदा को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
Harda, Harda | Sep 7, 2026