
#पत्रकार_सुरक्षा_कानून #IFWJ #जयपुर_चलो
पत्रकार सुरक्षा कानून और लंबित मांगों को लेकर 28 अक्टूबर को जयपुर में जुटेगा मीडिया जगत: आईएफडब्ल्यूजे के 77वें स्थापना दिवस पर शहीद स्मारक पर होगा प्रदेशस्तरीय महामंथन, मुख्यमंत्री को सौंपेंगे ज्ञापन
#lalbahadirbhakhar #pilibanganews #Hanumangarh #IFWJ_Pilibanga
जयपुर/पीलीबंगा (लालबहादुर भाखर)। देश के अग्रणी व ऐतिहासिक पत्रकार संगठन इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) के 77वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आगामी 28 अक्टूबर 2026 (बुधवार) को राजधानी जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर भव्य प्रदेशस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रातः 11:00 बजे से आयोजित होने वाले इस विराट जमावड़े में राजस्थान के सभी जिलों और संभागों से सैकड़ों की संख्या में कलमकार, छायाकार व मीडियाकर्मी जुटेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत पत्रकार साथियों के संघर्ष व योगदान को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर की जाएगी। इसके उपरांत पत्रकारों की वर्षों से लंबित मांगों, पत्रकार सुरक्षा कानून के निर्माण, आजीविका संरक्षण और उत्पीड़न की घटनाओं की रोकथाम को लेकर मुख्यमंत्री महोदय के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा जाएगा।
जंतर-मंतर का राष्ट्रीय कार्यक्रम स्थगित, अब प्रदेश मुख्यालयों पर मनेगा स्थापना दिवस
आईएफडब्ल्यूजे के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष उपेन्द्र सिंह राठौड़ ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार संगठन के 77वें स्थापना दिवस पर 28 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर राष्ट्रीय महासम्मेलन होना था, जिसमें देशभर से 1000 से अधिक पत्रकारों की भागीदारी प्रस्तावित थी। हालांकि, राष्ट्रीय राजधानी में मौजूदा प्रशासनिक परिस्थितियों तथा पुलिस व सरकार के परामर्श को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय नेतृत्व ने दिल्ली कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करने का परिपक्व निर्णय लिया है। अब सभी राज्य इकाइयां अपने-अपने प्रदेश मुख्यालयों पर स्थापना दिवस मनाएंगी, जबकि राष्ट्रीय स्तर का संयुक्त अधिवेशन इस वर्ष के अंत में नई दिल्ली में आहूत किया जाएगा।
दिल्ली में मीडियाकर्मियों पर हिंसा व उत्पीड़न की कड़ी निंदा
आईएफडब्ल्यूजे ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हालिया विरोध प्रदर्शनों की कवरेज कर रहे पत्रकारों के साथ कथित हिंसा, दुर्व्यवहार, पेशेवर उपकरणों की जब्ती और हिरासत में लिए जाने की घटनाओं पर गहरा रोष जताया है। राठौड़ ने कहा कि 30 से अधिक पत्रकारों को हिरासत में लिया जाना लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा आघात है। उन्होंने दिल्ली पुलिस से हिरासत के विधिक आधार स्पष्ट करने की मांग की। इसके साथ ही 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट के समीप महिला पत्रकार ऋचा पाराशर के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार की निष्पक्ष, पारदर्शी व साक्ष्य-आधारित जांच की मांग करते हुए कहा कि महिला पत्रकारों की गरिमा व सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हो सकता।
पत्रकार सुरक्षा कानून और राष्ट्रीय पत्रकार रजिस्टर समय की मांग
प्रदेशाध्यक्ष उपेन्द्र सिंह राठौड़ ने दो-टूक कहा कि पत्रकारों पर शारीरिक हमले, फर्जी मुकदमे और प्रशासनिक उत्पीड़न की घटनाएं साबित करती हैं कि देश में एक सर्वसमावेशी 'पत्रकार सुरक्षा कानून' तत्काल लागू होना चाहिए। इस कानून के दायरे में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक के साथ डिजिटल, फ्रीलांस और क्षेत्रीय भाषाई पत्रकारों को भी पूर्ण सुरक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने पत्रकारों की वास्तविक पहचान और अधिकारों के संरक्षण के लिए एक पारदर्शी 'राष्ट्रीय पत्रकार रजिस्टर' के गठन तथा पुराने श्रमजीवी पत्रकार अधिनियमों के निरसन के बाद पत्रकारों के वेतन, सेवा शर्तों व सामाजिक सुरक्षा के लिए नए आधुनिक वैधानिक प्रावधान लागू करने की पुरजोर मांग की।
कलम दबाने और आजीविका पर बुलडोजर चलाने के खिलाफ जारी रहेगा संघर्ष
राठौड़ ने जोर देकर कहा कि पत्रकारों की लड़ाई केवल धमकियों तक सीमित नहीं है, बल्कि आजीविका का संरक्षण भी उतना ही अहम है। जयपुर के शहीद स्मारक पर पत्रकार की आजीविका पर चले बुलडोजर के खिलाफ संगठन द्वारा लड़े गए 19 दिवसीय ऐतिहासिक धरने को याद करते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता या प्रशासन का कोई भी तंत्र जनहित के मुद्दों को उठाने वाली कलम को प्रताड़ित नहीं कर सकता। 28 अक्टूबर 1950 को स्थापित आईएफडब्ल्यूजे का इतिहास सदैव पत्रकारों के स्वाभिमान की रक्षा का रहा है और यह मशाल आगे भी जलती रहेगी।
पीलीबंगा सहित पूरे प्रदेश से जयपुर पहुंचने का आह्वान
आईएफडब्ल्यूजे विधानसभा प्रभारी (पीलीबंगा, हनुमानगढ़) लालबहादुर भाखर ने जिले व आसपास के समस्त पत्रकार साथियों, जिला व तहसील इकाइयों के पदाधिकारियों से अपील की है कि वे अपने अधिकारों और एकजुटता के लिए 28 अक्टूबर को जयपुर के शहीद स्मारक पर अनिवार्य रूप से पहुंचें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में यदि मीडिया से निर्भीक सच की अपेक्षा की जाती है, तो हुकूमत का भी कर्तव्य है कि वह सच लिखने वालों की हिफाजत सुनिश्चित करे।
कार्यक्रम की रूपरेखा:
* दिन व दिनांक: बुधवार, 28 अक्टूबर 2026
* समय: प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक
* स्थान: शहीद स्मारक, जयपुर
* प्रमुख गतिविधियां: दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धांजलि, लंबित मांगों पर विचार-मंथन एवं मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषण
* संपर्क सूत्र: 9875141305, 7014718676