
कृष्णा गेट थाने में एसपी ने सुनीं 18 शिकायतकर्ताओं की समस्याएं
-------
मौके पर शिकायतों का निपटारा, लंबित मामलों में जल्द कार्रवाई के निर्देश
कुरुक्षेत्र, 13 नवंबर (सोनिका वधवा)। पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन ने शुक्रवार को कृष्णा गेट थाने में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। दरबार में 18 शिकायतकर्ता पहुंचे। पुलिस के अनुसार, ज्यादातर शिकायतें आपसी विवाद और पैसों के लेन-देन से जुड़ी थीं। एसपी ने शिकायतों का मौके पर निपटारा किया और जिन मामलों में कार्रवाई लंबित थी, उनमें थाना प्रभारी और जांच अधिकारियों को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एसपी ने थाना परिसर का निरीक्षण किया और साफ-सफाई व रिकॉर्ड के रखरखाव को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने जांच अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित शिकायतों और मामलों की समीक्षा भी की। एसपी ने कहा कि शिकायतों के निपटारे में किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बॉक्स
तंग रास्तों पर एकतरफा यातायात का सुझाव
दरबार में शहर के लोगों ने संकरे रास्तों पर एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू करने की मांग रखी। एसपी ने कहा कि इसे पहले प्रायोगिक तौर पर लागू कर देखा जाएगा। लोगों की प्रतिक्रिया अच्छी रही तो व्यवस्था नियमित की जाएगी। इसके अलावा बालिका विद्यालयों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने और ब्रह्मसरोवर पर श्रद्धालुओं व पर्यटकों का सामान सुरक्षित रखने के लिए क्लॉक रूम बनाने के सुझाव भी दिए गए। एसपी ने इन सुझावों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बॉक्स
थानों में जारी रहेंगे जनता दरबार
एसपी ने कहा कि जिला पुलिस कार्यालय में रोजाना जनशिकायतें सुनी जाती हैं। थानों में जनता दरबार लगाने से उन लोगों को अपने क्षेत्र में ही बात रखने का अवसर मिलता है, जिन्हें जिला मुख्यालय तक पहुंचने में कठिनाई होती है। यहां शिकायतकर्ता और जांच अधिकारी की मौजूदगी में मामले की स्थिति स्पष्ट कर समाधान की दिशा में कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने कहा कि थानों में जनता दरबार लगाने का सिलसिला जारी रहेगा।
फोटो कैप्शन — कृष्णा गेट थाने में जनता दरबार के दौरान लोगों की शिकायतें सुनते पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन।