
आंगन मिलन समारोह में उमड़ा उत्साह, कार्यकर्ताओं का सम्मान और बच्चों का हुआ अन्नप्राशन,
गोद भराई, पोषण का संदेश और खेलकूद प्रतियोगिताओं ने बांधा समां।
हिण्डौन सिटी के वर्धमान नगर में आयोजित आंगन मिलन समारोह में उत्सव का माहौल देखने को मिला। यहां एक ओर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा सहयोगिनियों का सम्मान किया गया, तो दूसरी ओर गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और छह माह की आयु पूरी कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। कार्यक्रम में बच्चों की खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ पोषण और कुपोषण मुक्त समाज का संदेश भी दिया गया।
वार्ड संख्या 2-फर्स्ट स्थित वर्धमान नगर आंगनबाड़ी केंद्र पर विकसित भारत अभियान के तहत ‘आंगन मिलन समारोह’ धूमधाम से आयोजित किया गया। समारोह में क्षेत्र की महिलाएं, बच्चे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. बृजलता चौधरी रहीं, जबकि लेडी सुपरवाइजर राजकुमारी जाटव एवं लक्ष्मी चौधरी के विशिष्ट आतिथ्य में कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
समारोह के दौरान बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य अतिथि डॉ. बृजलता चौधरी ने महिलाओं को संतुलित आहार, हरी सब्जियों के सेवन तथा बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की जानकारी दी।
छह माह की आयु पूरी कर चुके बच्चों का पारंपरिक अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। बच्चों को पहली बार ठोस आहार के रूप में पोषक एवं सुपाच्य भोजन दिया गया। वहीं गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी कर उन्हें पोषण किट भी वितरित की गई।
कार्यक्रम में क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं दे रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा सहयोगिनियों का भी सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. बृजलता चौधरी ने कार्यकर्ताओं को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया।
इस दौरान ममता शर्मा, सपना शर्मा, बबिता जैन, अन्नपूर्णा शर्मा, ममतेश शर्मा, कुसुम जैन, गुड्डी जाटव एवं इंद्रा शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
समारोह में बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया और विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों, कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों ने आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।