
मां ने जन्म के बाद नवजात बच्ची को अस्पताल में छोड़ा, फरार हुई महिला,
शिवहर:जिला मुख्यालय स्थित मातृ-शिशु अस्पताल में मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने नवजात बच्ची को जन्म देने के बाद उसे अस्पताल में ही बेसहारा छोड़ दिया और खुद फरार हो गई। नौ महीने तक कोख में रखने के बाद जन्मी मासूम को इस तरह छोड़ दिए जाने से अस्पताल परिसर में सनसनी फैल गई। हालांकि, समय रहते जिला विधिक सेवा प्राधिकार की पहल से बच्ची को सुरक्षित आश्रय मिल गया है।घटना की सूचना मिलते ही जिला अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ललन कुमार रजक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। उनके निर्देश पर प्राधिकार कार्यालय के यूडीसी रूपेश कुमार अविलंब मातृ-शिशु अस्पताल पहुंचे और नवजात बच्ची को अपने संरक्षण में लिया। साथ ही शिवहर थाना प्रभारी को घटना की सूचना देकर फरार महिला की तलाश एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की जानकारी दी गई।
इसके बाद अस्पताल प्रबंधन, स्वास्थ्य कर्मियों और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के समन्वय से नवजात बच्ची को विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, शिवहर के हवाले कर दिया गया। अब संस्थान में बच्ची की देखभाल, स्वास्थ्य निगरानी और नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस पूरी प्रक्रिया में एएनएम रागिनी कुमारी, प्रबंधक स्नेहा कुमारी, पीएलवी मुकेश कुमार, विपिन कुमार सहित अन्य कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शोभना कुमारी ने बताया कि बच्ची की स्थिति और देखभाल को लेकर सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, महिला की तलाश और घटना से संबंधित आगे की कार्रवाई पुलिस एवं संबंधित विभाग द्वारा की जाएगी। फिलहाल बच्ची की सुरक्षा और समुचित देखभाल की जिम्मेदारी विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान को सौंपी गई है।
इधर, जन्म देने वाली मां के छोड़कर चले जाने के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार की तत्परता से बच्ची को नया आश्रय मिलने की जिले में सराहना हो रही है। प्राधिकार सचिव ललन कुमार रजक के त्वरित निर्देश और कर्मियों की संवेदनशील पहल ने एक बार फिर साबित किया है कि जरूरतमंदों को न्यायिक सहायता देने के साथ-साथ संकट की घड़ी में मानवीय जिम्मेदारी निभाना भी बेहद जरूरी है।