
रीवा संभाग के कमिश्नर श्री शीलेन्द्र सिंह ने गत दिवस संजय गांधी चिकित्सालय एवं अन्य चिकित्सालयों में बढ़ती लापरवाही एवं आकस्मिक घटनाओं को देखते हुए सोमवार को कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, संजय गांधी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. प्रियंक शर्मा एवं मेडिकल कालेज के प्रभारी डीन डॉ मनोज इंदुरकर के साथ बैठक कर संजय गांधी चिकित्सालय सहित अन्य चिकित्सालयों में मरीजों के उपचार के लिए उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा प्रदान करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि दूर-दराज से आने वाले एवं स्थानीय मरीजों का समुचित और बेहतर इलाज सभी चिकित्सालयों में सुनिश्चित किया जाए। मरीजों को बेहतर सेवा प्रदान करने के लिए बेडशीट, कंबल एवं गद्दे साफ-सुथरे रखे जाएं। चिकित्सालयों में नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाती रहे। सभी डॉक्टर अपने ड्यूटी टाइम पर उपस्थित रहें। ड्यूटी टाइम से अनुपस्थित रहने वाले चिकित्सकों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कमिश्नर ने कहा कि मरीजों के इलाज में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान अनुपस्थित रहने वाले चिकित्सकों के विरूद्ध प्रभावशील कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
कमिश्नर ने संजय गांधी अस्पताल के अधीक्षक को निर्देश दिए कि वे अपनी सुरक्षा सर्विस में आवश्यक सुधार करें। सुरक्षा एजेंसी से स्किल्ड वाले सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएं जो किसी भी आकस्मिक भीड़ एवं घटनाओं के दौरान अपनी ड्यूटी बेहतर ढंग से क्रियान्वित कर सकें। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि अस्पताल में घटने वाली किसी भी प्रकार की आकस्मिक घटनाओं की मीडिया को जानकारी देने के लिए किसी सक्षम अधिकारी की नियुक्ति की जाए जो आकस्मिक घटनाओं की जानकारी मीडिया को दे सके। कमिश्नर ने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों के अटेंडर की संख्या पैरामेडिकल स्टाफ तय करेंगे। किसी भी स्थिति में अटेंडर की संख्या तय मान से अधिक नहीं होनी चाहिए। कमिश्नर ने कहा कि पुलिस अधीक्षक अपनी मोबाइल टीम की गतिविधियाँ बढ़ाएं एवं चिकित्सालय में मोबाइल टीम सक्रिय रहे। कमिश्नर ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि वे अस्पताल में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति चेक करने के लिए कार्यपालिक दण्डाधिकारी की तैनाती करें। कमिश्नर ने प्रभारी डीन को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन सभी डॉक्टर्स के साथ बैठक कर दिन भर की जाने वाली गतिविधियों की कार्य योजना बनाएं एवं कार्य योजना के अनुसार अपना कार्य संपादित करें।
कमिश्नर ने निर्देश दिए कि जिले में संचालित सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में गर्भवती महिलाओं की डिलेवरी कराई जाए ताकि मेडिकल कालेज एवं अन्य चिकित्सालयों में अतिरिक्त भार न आने पाए। कमिश्नर ने कहा कि इसके लिए एएनएम को भी डिलेवरी कराने का पर्याप्त प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतिदिन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में कम से कम 10 डिलेवरी कराई जाएं।
#Rewa #RewaNews #RewaDivision #ShailendraSingh #RewaCommissioner #SanjayGandhiHospital #SGMH #Healthcare #HospitalManagement #MedicalCollege #Doctors #HealthServices #MadhyaPradesh #MPNews #रीवा #रीवान्यूज #रीवासंभाग #संजयगांधीअस्पताल #अस्पताल #स्वास्थ्यसेवा #डॉक्टर #मेडिकलकॉलेज #मध्यप्रदेश #कमिश्नर #स्वास्थ्यविभाग #HospitalSafety #PatientCare #PHC #CHC #HealthNews