
सात फेरों से जुड़ा दादरी की बेटी और फ्रांस के युवक का रिश्ता, भारतीय परंपराओं के कायल हुए विदेशी
चरखी दादरी:-
-सात समंदर पार फ्रांस से दूल्हा अपनी बरात लेकर भारत पहुंचा है और चरखी दादरी की बेटी के साथ देर शाम शादी के बंधन में बंधा
च.दादरी के महेंद्रगढ़ रोड स्थित दादरी पोर्टा हवेली में दादरी की बेटी अंशु और फ्रांस निवासी फाउजी विवाह बंधन में बंधे हैं। खास बात यह है कि विदेशी दूल्हा भारतीय संस्कृति और यहां के रीति-रिवाजों से प्रभावित हुआ और पूरे वैदिक विधि-विधान के साथ विवाह किया।
इस अनूठे मिलन को लेकर दोनों परिवारों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। दुल्हन बनी अंशु शहर के पूर्णनगर वासी राजेश कुमार और राजरानी की सुपुत्री हैं, जबकि दूल्हे फाउजी के पिता पैट्रिक फर्डिनेंड और माता नादिया फर्डिनेंड फ्रांस के निवासी हैं। अंशु की स्कूली शिक्षा चरखी दादरी में ही हुई है। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए साइप्रस का रुख किया, जहां उन्होंने बिजनेस एंड फाइनेंस की पढ़ाई की। इसी दौरान उनकी मुलाकात फ्रांस निवासी फाउजी से हुई। फाउजी भी साइप्रस में पढ़ाई कर रहे थे। पढ़ाई के दौरान दोनों की मुलाकात हुई। वर्तमान में दोनों साइप्रस में ही नौकरी कर रहे हैं।