चरी काटते समय करंट से मौत का मामला, मृतक के भाई ने कराया मामला दर्ज
मृतक के भाई ने कराया मामला दर्ज............
राजगढ़ निवासी निरंजन सिंह ने पुलिस को दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि उसका भाई अजय कुमार उर्फ कल्ला पुत्र भगवानसिंह ने लखनसिंह पुत्र रामस्वरूप का ईनाम वाला खेत खसरा नंबर 389 बटाई पर ले रखा था। खेत में चरी की फसल बोई हुई थी। गुरुवार सुबह करीब 6 से 6:30 बजे अजय कुमार चरी लेने खेत पर गया था। खेत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन के तार काफी नीचे झूल रहे थे और कई जगह चरी की फसल से संपर्क में आ रहे थे। बताया गया कि तारों को दुरुस्त कराने की शिकायत खेत मालिक के भाई श्योराम सिंह द्वारा पहले बिजली विभाग को दी जा चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद तारों को ठीक नहीं किया गया।
चरी काटते समय फसल के विद्युत तार से संपर्क में आने पर अजय कुमार करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। पास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने उसे देखा और तत्काल बिजली विभाग को फोन कर शटडाउन लिया। इसके बाद अजय को खेत से बाहर निकालकर सीएचसी वैर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई निरंजन पुत्र भगवानसिंह ने पुलिस को रिपोर्ट देकर आरोप लगाया है कि उसके भाई की मौत विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण हुई है। रिपोर्ट में कानूनी कार्रवाई करने तथा मृतक के मेडिकल मुआयने की मांग की गई।पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया।