
सतगावां में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्रों का प्रखंड मुख्यालय पर प्रदर्शन
2900 विद्यार्थियों पर महज आठ शिक्षक, जर्जर भवन, पेयजल व लिपिक की कमी को लेकर जताया आक्रोश
सतगावां। शिक्षा व्यवस्था में सुधार, शिक्षकों की कमी समेत विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर राज्य संपोषित +2 उच्च विद्यालय बासोडीह के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने बुधवार को प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर धरना दिया। विद्यालय परिसर से पैदल मार्च करते हुए विद्यार्थी प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
विद्यार्थियों का कहना था कि विद्यालय में करीब 2900 विद्यार्थी नामांकित हैं, जबकि उन्हें पढ़ाने के लिए महज आठ शिक्षक उपलब्ध हैं। शिक्षकों की भारी कमी के कारण कई विषयों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों ने कहा कि परीक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के समय पर्याप्त शिक्षकों का नहीं होना उनके भविष्य के लिए गंभीर समस्या है।
धरना के दौरान छात्रों ने विद्यालय में पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति, जर्जर भवन की मरम्मत, पेयजल की समुचित व्यवस्था और लिपिक की नियुक्ति समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं, कुछ शिक्षकों पर कथित रूप से धमकी देने का आरोप लगाते हुए विद्यार्थियों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग भी उठाई।
अधिकारियों ने समझाने का किया प्रयास, उपायुक्त को बुलाने पर अड़े छात्र
धरना की सूचना मिलने के बाद बीडीओ मनोज कुमार रवि, बीपीओ अशोक उपाध्याय समेत पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि, छात्र-छात्राएं कोडरमा उपायुक्त को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
करीब चार घंटे बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकुल राज भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल का भरोसा दिलाने का प्रयास किया। बावजूद इसके विद्यार्थी अपनी मांग पर कायम रहे। छात्रों ने कहा कि वे अपनी समस्याएं सीधे उपायुक्त के समक्ष रखना चाहते हैं और ठोस आश्वासन मिलने तक आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे।
आश्वासन नहीं, समस्याओं का स्थायी समाधान चाहते हैं छात्र
धरना दे रहे विद्यार्थियों ने कहा कि विद्यालय की समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। छात्रों का कहना था कि शिक्षकों की कमी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो इसका सीधा असर उनके भविष्य पर पड़ेगा।
विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र ठोस पहल नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। छात्रों ने गुरुवार को विद्यालय में तालाबंदी करने की भी चेतावनी दी। छात्रों के लगातार विरोध और मांगों पर अड़े रहने के कारण धरना स्थल पर काफी देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही।
विद्यार्थियों ने प्रशासन से शिक्षकों की कमी दूर करने के साथ विद्यालय भवन, पेयजल, लिपिक समेत अन्य शैक्षणिक और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग की, ताकि विद्यालय में पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित हो सके।
#Satgawan #Koderma #Basodiha #JharkhandNews #EducationNews #SchoolNews #StudentProtest #TeacherShortage #SchoolEducation #KodermaNews #SatgawanNews #JharkhandEducation #StudentDemand #SchoolProblem #ChhotanagpurLive