
भिवानी में जीव सेवा को मिले नए पंख : सांसद धर्मबीर सिंह ने गौरक्षा दल को भेंट की एंबुलेंस
भिवानी, 25 जून : जीव सेवा ही सबसे बड़ी मानव सेवा है। इसी मूल मंत्र को चरितार्थ करते हुए भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद धर्मबीर सिंह ने गौरक्षा दल भिवानी को एक नई एंबुलेंस सौंपी है। यह एंबुलेंस सडक़ों पर दुर्घटना का शिकार होने वाले या गंभीर बीमारी से जूझ रहे गौवंश और अन्य मूक पशु-पक्षियों के लिए जीवनदायिनी साबित होगी। सांसद के इस कदम की पूरे क्षेत्र में भूरि-भूरि प्रशंसा हो रही है और इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण माना जा रहा है।
इस अवसर पर गौरक्षा दल के सेवाभाव की पीठ थपथपाते हुए सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि गौरक्षा दल भिवानी के युवा जिस निष्ठा और नि:स्वार्थ भावना से दिन-रात बेजुबान जीवों की रक्षा और चिकित्सा में जुटे रहते हैं, वह अत्यंत वंदनीय है। मूक पशुओं की सेवा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। मुझे बेहद खुशी है कि इस एंबुलेंस के माध्यम से उनके सेवा कार्यों को और अधिक गति मिलेगी। जब समाज और सरकार मिलकर ऐसे कार्यों के लिए आगे आते हैं, तभी एक संवेदनशील और समृद्ध समाज का निर्माण होता है।
सांसद के इस अनूठे प्रयास और निरंतर मिल रहे सहयोग की सराहना करते हुए गौरक्षा दल भिवानी के प्रधान संजय परमार ने कहा कि सांसद धर्मबीर सिंह का यह प्रयास बेहद सराहनीय और अनुकरणीय है। साल 2019 में भी उन्होंने हमें एक एंबुलेंस दी थी और अब दोबारा इस नई गाड़ी को भेंट कर उन्होंने साबित किया है कि वे गौवंश की सुरक्षा के प्रति कितने गंभीर हैं। यदि हर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि इसी तरह गौसेवा और जीव दया के कार्यों में बढ़-चढक़र सहयोग करें, तो न केवल धरातल पर काम कर रहे गौसेवकों का हौसला दोगुना हो जाता है, बल्कि आम जनता के भीतर भी पशु सेवा के प्रति एक नई चेतना और प्रेरणा जागृत होती है।
इस मौके पर नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप ने भी सांसद और गौरक्षा दल दोनों के प्रयासों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि गौरक्षा दल और सांसद महोदय का यह साझा प्रयास भिवानी के लिए एक मिसाल है। इस नई एंबुलेंस में घायल और भारी पशुओं को आसानी से गाड़ी के अंदर चढ़ाने के लिए एक विशेष लिफ्टिंग सिस्टम लगाया जा रहा है। जैसे ही यह लिफ्टिंग मशीन एंबुलेंस में इंस्टॉल हो जाएगी, उसके तुरंत बाद इस एंबुलेंस का विधिवत उद्घाटन और हरी झंडी दिखाने का कार्य स्वयं सांसद धर्मबीर सिंह जी के कर-कमलों द्वारा करवाया जाएगा। इस अवसर पर कार्यकारी अधिकारी राजाराम भी साथ रहे।