
पंचकूला पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बस कंडक्टर की मौत के मामलें में आरोपी चालक को किया गिरफ्तार
पंचकूला/ 23 जून :-पंचकूला में एक सड़क हादसे में बस कंडक्टर की जान चली गई, जबकि बस में सवार कई यात्रियों और कर्मचारियों को चोटें आईं। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पंचकूला पुलिस की मौली चौकी की टीम ने दुर्घटना के आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार 18 जून 2026 को निजी ट्रैवल्स की बस चालक अपने साथियों के साथ पंचकूला से उत्तर प्रदेश के के लिए यात्रियों को लेकर रवाना हुआ था। यात्रियों को उतारने के बाद 19 जून को टीम वापसी में पंचकूला, मोहाली और बद्दी की ओर सवारियां लेकर लौट रही थी। इसी दौरान 20 जून की तड़के करीब 3:30 बजे गांव गोलपुरा के पास एनएच-7 पर राजस्थानी ईंट भट्ठे के समीप बस के आगे चल रहे एक महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने बिना किसी संकेत और इंडिकेटर दिए अचानक दाहिनी ओर कट मार दिया।
बस चालक द्वारा ओवरटेक किए जाने के दौरान हुई इस टक्कर में ट्रैक्टर-ट्रॉली का पिछला हिस्सा बस के कंडक्टर साइड से टकरा गया। जिससे बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में बस में कंडक्टर का काम कर रहे हरकेस पाल सिंह को सिर, चेहरे और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं, जबकि बस में मौजूद हेल्पर, चालक और कुछ यात्रियों को भी चोटें पहुंचीं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की सहायता से घायल हरकेस पाल सिंह को उपचार के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पंचकूला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके पर ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया था।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता: मामले की सूचना मिलने पर हमारी चौकी की टीम मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर थाना रायपुररानी में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं 106(1), 125(A), 281 व 324(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मौली पुलिस चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर रामकरण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक अविनाश कुमार निवासी जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश को 22 जून 2026 को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।