उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा: चार बाइकों की आमने-सामने टक्कर, 3 युवकों की मौत; 6 गंभीर घायल।
रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। पिरान कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर चार मोटरसाइकिलों की आमने- सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसा 21 अगस्त की देर रात हुआ। बताया जा रहा है कि चारों मोटरसाइकिलें कांवड़ पटरी मार्ग से गुजर रही थीं। इसी दौरान किसी कारण से चारों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और रुड़की सिविल लाइन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह घायलों का उपचार शुरू किया गया। इनमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों और घायलों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान के साथ-साथ हादसे की वास्तविक वजह का भी पता लगाने में जुटी है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार, प्रारंभिक जांच में चारों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर की बात सामने आई है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
⚠️ तेज रफ्तार और लापरवाही सड़क पर जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखें और यातायात नियमों का पालन करें।
#UttarakhandLive24 #Uttarakhand #Roorkee #Haridwar #RoorkeeNews #RoadAccident #UttarakhandNews #HaridwarNews #Pirankaliyar #KawadPatriMarg #RoadSafety #AccidentNews #BreakingNews #LatestNews #उत्तराखंड #रुड़की #हरिद्वार #सड़कहादसा