
भाजपा को सोलन का विकास हजम नहीं हो रहा, स्वास्थ्य परियोजनाओं पर राजनीति बंद करे विपक्ष : मधु ठाकुर
कांग्रेस की पूर्व प्रदेश महासचिव का भाजपा पर तीखा हमला, बोलीं– कथेड़ अस्पताल सोलन की जनता के बेहतर भविष्य की उम्मीद
सोलन। सोलन में स्वास्थ्य सुविधाओं और कथेड़ में निर्माणाधीन बहुउद्देशीय अस्पताल को लेकर भाजपा की बयानबाजी पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस महासचिव मधु ठाकुर ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को सोलन का विकास रास नहीं आ रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार और स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन भाजपा नेता सहयोग करने के बजाय विरोध की राजनीति कर रहे हैं।
मधु ठाकुर ने कहा कि कथेड़ में बन रहा बहुउद्देशीय अस्पताल सोलन और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। इससे लोगों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिलेंगी और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम होगी।
उन्होंने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में इन महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं को अपेक्षित गति क्यों नहीं मिली, इसका जवाब भाजपा को देना चाहिए। आज जब कांग्रेस सरकार इन परियोजनाओं को आगे बढ़ा रही है तो भाजपा नेताओं को परेशानी हो रही है।
उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल की सराहना करते हुए कहा कि उनका लंबा राजनीतिक अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण किसी परिचय का मोहताज नहीं है। भाजपा को व्यक्तिगत बयानबाजी छोड़कर जनहित के कार्यों में सहयोग करना चाहिए।
मधु ठाकुर ने कहा कि सोलन की जनता को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि बेहतर अस्पताल, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं और समय पर उपचार चाहिए। कथेड़ अस्पताल किसी राजनीतिक दल की प्रतिष्ठा का नहीं, बल्कि सोलन की जनता के स्वास्थ्य और भविष्य का सवाल है। जनता आने वाले समय में विकास और विरोध की राजनीति करने वालों के बीच अंतर जरूर समझेगी।