
*कुरीतियों को मिटाने की राह दिखाई संत कबीर दास जी ने- उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह*
*गुडियानी कबीर आश्रम को 21 लाख रुपए का दिया अनुदान*
चंडीगड़, 28 जून। ओमप्रकाश डाबला
हरियाणा के उद्योग, वाणिज्य, वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा है कि संत किसी वर्ग, जाति विशेष के नहीं होते, अपितु सर्व समाज की भलाई के लिए उनका इस धरती पर अवतरण होता है। संत कबीर दास ने हमें उस समय मानवता की राह पर चलना सिखाया, जब कुरीतियों से समाज घिरा हुआ था।
उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह आज गांव गुडियानी में संत कबीर दास जी के 628वें प्रकट दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वे खुद भी एक ऐसे परिवार से आते हैं, जहां जाति बंधन कभी नहीं रहा। उनके दादा व अहीरवाल में शिक्षा की अलख जगाने वाले नेता, राव मोहर सिंह ने घर पर सदा सभी वर्गों को सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने ही प्रदेश में महापुरुषों की जयंती मनाए जाने की परंपरा शुरू की। पूर्व में मुख्यमंत्री रहे तथा वर्तमान केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने सीएम हाऊस का नाम संत कबीर कुटीर रखा।
वन एवं पर्यावरण मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनहित को सर्वोपरि मानते हुए सुशासन से परिपूर्ण सरकार चला रहे हैं। युवाओं को योग्यता के नाम पर रोजगार दिया जा रहा है। जिसका सबसे अधिक फायदा महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी जिला को हुआ है। समान रूप से हरियाणा के सभी जिलों का विकास करवाया जा रहा है। सरकार ने आनलाइन ट्रांसफर पालिसी लागू करने की सराहनीय पहल की।
इस अवसर पर मंत्री राव नरबीर सिंह ने कबीर आश्रम गुडियानी में हाल का निर्माण करवाने के लिए 21 लाख रुपए का अनुदान देने की घोषणा की। उन्होंने आश्रम में पुस्तकालय के नवनिर्माण कार्य का शुभारंभ किया तथा पौधारोपण किया। समारोह में मंत्री राव नरबीर सिंह को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
समारोह में पूर्व मंत्री विक्रम सिंह, एसडीएम विजय कुमार यादव, पूर्व विधायक सत्यप्रकाश जरावता, पूर्व ओएसडी अभिमन्यु यादव, प्रदीप राजपुरा जैलदार, पार्षद धर्मवीर भांगरोला, धर्मेंद्र खटाना, नरेंद्र सरपंच, होशियार सिंह नंबरदार, ओमप्रकाश डाबला आदि मौजूद रहे।
Ambala, Ambala | Jun 28, 2026