
थानेसर विधानसभा की 8 गौशालाओं को सरकार ने दिया 57.80 लाख रुपये का अनुदान : सुभाष सुधा
गौसेवा हमारी संस्कृति और संस्कारों का हिस्सा, भाजपा सरकार ने गौशालाओं के लिए बनाई अनेक ऐतिहासिक नीतियां
डॉ. राजेश वधवा/कुरुक्षेत्र।
हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार गौसेवा और गौसंरक्षण के लिए पूरी तरह समर्पित है। सरकार की गौ-हितैषी नीतियों के कारण आज प्रदेश की गौशालाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और बेसहारा गोवंश को बेहतर आश्रय मिल रहा है।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा जिला कुरुक्षेत्र के थानेसर विधानसभा क्षेत्र की 8 पंजीकृत गौशालाओं के लिए 57 लाख 80 हजार 590 रुपये की अनुदान राशि जारी के चेक वितरित की गई है ताकि गोवंश के चारे, पानी, शेड निर्माण और चिकित्सा सुविधा में कोई कमी न रहे।
उन्होंने कहा कि महादेव सेवा समिति थानेसर को 5,98,144 रुपये, जय श्रीश्याम गौशाला अमीन को 16,48,759 रुपये, श्री गोपाल कृष्ण गौशाला बगथला को 2,12,092 रुपये, कान्हा गौशाला बारना को 8,35,415 रुपये, गीता धाम गौशाला थानेसर को 1,51,743 रुपये, श्री कृष्ण कृपा गौशाला ट्रस्ट, कुरुक्षेत्र को 12,48,709 रुपये, जय बजरंग बली गौशाला थानेसर को 8,56,384 रुपये और श्री सनातन धर्म गौशाला, थानेसर को 2,28,443 रुपये अनुदान प्राप्त करने वाली गौशालाओं में दिए गए।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि इन सभी गौशालाओं में हजारों गोवंश की सेवा की जा रही है और यह अनुदान राशि उनके रखरखाव में मील का पत्थर साबित होगी। भाजपा सरकार ने गौशालाओं के लिए अनेक ऐतिहासिक नीतियां बनाई हैं। हरियाणा देश का पहला राज्य है जिसने गौ-सेवा आयोग का गठन किया और हर साल बजट में गौशालाओं के लिए अलग से प्रावधान किया जाता है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बेसहारा गोवंश के लिए प्रति गाय के हिसाब से गौशालाओं को वित्तीय सहायता दी जा रही है। गौशालाओं में शेड, पानी की टंकी, चारा स्टोर और सौर ऊर्जा सिस्टम के लिए सरकार 80 से 90 प्रतिशत तक अनुदान दे रही है। सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा गोवंश को पकड़कर गौशालाओं में भेजने पर प्रति गोवंश के हिसाब से प्रोत्साहन राशि दी जाती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में मोबाइल वेटरनरी वैन और गौशालाओं में नियमित चिकित्सा शिविरों की व्यवस्था की गई है। गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए गोबर से बायोगैस प्लांट और जैविक खाद इकाई लगाने पर सरकार सब्सिडी दे रही है।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि पहले की सरकारों के समय गौशालाएं अपने संसाधनों से चलती थीं, लेकिन भाजपा सरकार ने गौसेवा को सरकारी एजेंडे में सबसे ऊपर रखा है। थानेसर विधानसभा में पिछले 10 वर्षों में गौशालाओं को करोड़ों रुपये की सहायता दी गई है, जिसके कारण आज थानेसर की गौशालाएं हरियाणा में मॉडल के रूप में जानी जाती हैं।
उन्होंने कहा कि गौमाता में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास है और गौसेवा करना हम सभी का परम कर्तव्य है। थानेसर धर्मनगरी है और यहां गौसेवा का विशेष महत्व है। सरकार की मंशा है कि कोई भी गोवंश भूखा न रहे और कोई भी सड़कों पर बेसहारा न घूमे।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने सभी 8 गौशालाओं की प्रबंध समितियों को बधाई दी और कहा कि वे इस अनुदान राशि का पारदर्शी तरीके से गोवंश के कल्याण में उपयोग करें। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे गौशालाओं में जाकर गौसेवा करें और सरकार के इस पुनीत अभियान में सहयोगी बनें। इस अवसर पर ऋषिपाल कौशिक सदस्य हरियाणा गो सेवा आयोग कुरुक्षेत्र जिला प्रभारी मौजूद थे