
ऑपरेशन सतर्क: किऊल स्टेशन पर लावारिस बैग से विदेशी शराब बरामद
लखीसराय। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन सतर्क के तहत किऊल रेलवे स्टेशन पर एक लावारिस पिट्ठू बैग से विदेशी शराब बरामद की गई।
आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, आरक्षी सुरेंद्र पासवान तथा अपराध आसूचना शाखा, दानापुर के सहायक उप निरीक्षक वीरेंद्र कुमार द्विवेदी प्लेटफॉर्म संख्या-4 पर ट्रेन पासिंग एवं यात्रियों के सामान की सुरक्षा के दौरान स्टेशन मास्टर कार्यालय के सामने एक काले रंग का लावारिस पिट्ठू बैग पड़ा मिला। शुक्रवार की संध्या 4,38 पर जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया।
इसके बाद मौजूद स्टाफ की उपस्थिति में बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से रॉयल चैलेंजर्स व्हिस्की की 750-750 मिलीलीटर की 10 बोतलें बरामद हुईं जिसकी अनुमानित कीमत 5,250 रुपये है, को विधिवत वीडियोग्राफी कर जब्ती सूची तैयार करते हुए जब्त कर लिया गया।
बरामद शराब को सहायक उप निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने लिखित आवेदन के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद थाना, लखीसराय को सुपुर्द कर दिया। मामले में उत्पाद थाना द्वारा कांड दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।