
थाना मुंडकटी पुलिस ने गांव औरंगाबाद में हुई मारपीट, फायरिंग और जानलेवा हमले की घटना में फरार चल रहे दूसरे मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त लोहा सरिया बरामद।
Aonenews अरविन्द बक्शी
पुलिस अधीक्षक पलवल नीतीश अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में थाना मुंडकटी पुलिस ने गांव औरंगाबाद में हुई मारपीट, फायरिंग और जानलेवा हमले में कार्रवाई करते हुए दूसरे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गांव औरंगाबाद के रहने वाले दिनेश उर्फ पोपल के रूप में हुई है।
थाना मुंडकटी प्रभारी निरीक्षक कैलाश चन्द ने बताया कि दिनांक 24.04.2026 को गांव औरंगाबाद में रणसिंह और उनके परिजनों पर गांव के ही रहने वाले योगेश और दिनेश उर्फ पोपल पुत्र हेमराज ने जानलेवा हमला कर दिया था। आरोपियों ने पीड़ित पक्ष पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया और अवैध हथियार (देसी कट्टा) से जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। इस हमले में रणसिंह, सुरेंद्र और सविता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस संबंध में प्राप्त शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी योगेश को दिनांक 30.04.2026 को गांव औरंगाबाद के पास से काबू किया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा और 3 खोल कारतूस बरामद किए। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इसके पश्चात दिनांक 17.08.2026 को मामले में नामजद दूसरे मुख्य आरोपी दिनेश उर्फ पोपल को नियम अनुसार जांच में शामिल किया गया। पुख्ता सबूत मिलने पर आरोपी दिनेश को गिरफ्तार कर अपराध में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड (सरिया) बरामद की गई। आरोपी विरुद्ध को नियमानुसार कानूनी कार्रवाई जारी है।