Public App Logo
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर-एसपी सहित जिला प्रशासन का अमला बस से बक्सवाहा रवाना छतरपुर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान वर्ष 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को कलेक्टर मृणाल मीना एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा सहित जिला प्रशासन का पूरा अमला बस द्वारा बक्सवाहा क्षेत्र के भ्रमण के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों का एक साथ बस से भ्रमण पर जाना प्रशासनिक समन्वय, टीम वर्क तथा शासकीय संसाधनों के बेहतर उपयोग का उदाहरण माना जा रहा है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, अपर कलेक्टर विनय द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी बस में मौजूद रहे। सामूहिक बस यात्रा के माध्यम से प्रशासन ने सरकारी खर्च में मितव्ययता एवं संसाधनों के सदुपयोग का संदेश भी दिया। कलेक्टर मृणाल मीना बक्सवाहा क्षेत्र में विभिन्न शासकीय संस्थाओं, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का निरीक्षण करेंगे। साथ ही आमजन, विद्यार्थियों एवं हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेंगे। जनपद पंचायत बक्सवाहा स्थित कैंप स्थल पर आमजन की समस्याओं एवं प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा। इसके अलावा ग्राम पंचायत बीरमपुरा में आयोजित जल संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं, सुझाव एवं स्थानीय आवश्यकताओं की जानकारी ली जाएगी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। अभियान के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद को बढ़ावा दिया जा रहा है। - Chhatarpur Nagar News