
रामायण मेला सभागार में संभव अभियान 6.0 के अंतर्गत पोषण जागरूकता, रेसिपी प्रदर्शन एवं सम्मान समारोह का आयोजन
जनपद चित्रकूट के रामायण मेला सभागार में संभव अभियान 6.0 के अंतर्गत टीएचआर (Take Home Ration) रेसिपी निर्माण विधि एवं सूक्ष्म पोषक तत्वों के महत्व पर प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों के अभिभावकों को संतुलित आहार, पोषण संवर्धन तथा कुपोषण की रोकथाम के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। अपने संबोधन में नगर पालिका परिषद कर्वी के अध्यक्ष नरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा विभागीय गतिविधियों के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने नगरपालिका परिषद कर्वी की ओर से भी विभाग को आवश्यक सहयोग एवं संसाधन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक कुमार जाटव ने अपने संबोधन में माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां समाज में मां यशोदा के समान भूमिका निभाती हैं और बच्चों के सर्वांगीण विकास में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विभागीय लाभार्थियों के लिए नवीन मानकों पर आधारित पौष्टिक रेसिपियों को उपलब्ध कराने के संकल्प की घोषणा करते हुए बताया कि इसका शुभारंभ आज से किया जा रहा है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों की ओर से विभाग को हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।