जिला प्रशासन कांकेर के निर्देशन एवं स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता एवं प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन 3 अक्टूबर को किया जाएगा। प्रतियोगिता कांकेर के बाजार डोम में प्रातः 10 बजे से आयोजित होगी। प्रतियोगिता की थीम ‘मेरा समाज, मेरा दायित्व, मेरा योगदान’ एवं ‘मेरे सपनों का भारत’ रखी गई है। जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी प्रतियोगिता में शामिल होकर अपने विचारों एवं कल्पनाओं को अभिव्यक्त करेंगे।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर तथा हाई एवं हायर सेकेंडरी स्तर के अनुसार विभाजित किया गया है। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थी निर्धारित विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे, जबकि चित्रकला प्रतियोगिता में रंगों एवं चित्रों के माध्यम से अपने सपनों के भारत, समाज के प्रति दायित्व एवं योगदान की कल्पना को साकार करेंगे।