
एमकेवीएन इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने उत्तराखंडी परिधानों में मनाया राज्य स्थापना दिवस
सिद्धबली न्यूज डेस्क
कोटद्वार (देवी रोड)। देवी रोड स्थित एमकेवीएन इंटरनेशनल स्कूल में उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस बेहद हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर स्कूल परिसर को देवभूमि की थीम पर खूबसूरती से सजाया गया था। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा किया गया शानदार रैंप वॉक रहा।
उत्तराखंड के पारंपरिक पहनावे (उत्तराखंडी अटायर) जैसे रंगीलो पिछौड़ा, घाघरा-चोली, कुमाऊंनी और गढ़वाली टोपी व सदरी में सजे-धजे बच्चों ने जब पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर रैंप पर वॉक किया, तो पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। बच्चों ने रैंप वॉक के जरिए उत्तराखंड के विभिन्न अंचलों की वेशभूषा और संस्कृति का जीवंत प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के कार्यकारी निदेशक ने समस्त उत्तराखंड वासियों को 26वें स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई प्रेषित की। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को नमन किया और राज्य के लोक नृत्यों की भी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, समृद्ध संस्कृति और उत्तराखंड के गौरवशाली इतिहास से जोड़े रखना है।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य ज्योति कुलाश्री, कॉर्डिनेटर रचना टीचर, उपनिदेशक सोनम कोठारी, श्वेता गोयल, शोभा रावत, आरती नेगी, सोनम जखमोला, गीता रानी, कल्पना, नेहा, मीनाक्षी, स्वाति, चिराग, आदित्य, अरुण, पूजा, शालिनी समेत समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया और मिठाई बांटी गई।