
*ई-कल्याण छात्रवृत्ति भुगतान की मांग पर 5 नवंबर को छात्र महाआंदोलन, कल्याण मंत्री के इस्तीफे की उठेगी मांग*
राॅंची। झारखंड में ई-कल्याण छात्रवृत्ति की लंबित राशि के भुगतान की मांग को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) ने 5 नवंबर को रांची में छात्र महाआंदोलन करने का ऐलान किया है। आंदोलन के दौरान छात्र कल्याण मंत्री चमरा लिंडा के इस्तीफे की मांग भी उठाएंगे।
सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में छात्र नेताओं ने राज्य सरकार और कल्याण विभाग के प्रति नाराजगी जाहिर की। छात्र नेता अफजल दुर्रानी ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2023-24, 2024-25 और 2025-26 की छात्रवृत्ति राशि अब तक लंबित है। विशेष रूप से सत्र 2024-25 की छात्रवृत्ति का भुगतान करीब दो वर्षों से नहीं हुआ है। वहीं, सत्र 2025-26 के विद्यार्थियों को भी अब तक छात्रवृत्ति नहीं मिली है।
छात्र नेताओं का कहना है कि छात्रवृत्ति में लगातार हो रही देरी से हजारों छात्र-छात्राएं आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। ऐसे में संगठन ने सरकार से जल्द लंबित राशि जारी करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर 5 नवंबर को रांची में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।