
लखीसराय में 21 से 23 जुलाई तक तीन दिवसीय विशेष पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर
लखीसराय। जिले के नागरिकों को पासपोर्ट संबंधी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर में 21 से 23 जुलाई तक तीन दिवसीय विशेष पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर का आयोजन किया जाएगा। विदेश मंत्रालय की पहल पर आयोजित इस शिविर में लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए अन्य शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।
शिविर का उद्घाटन 21 जुलाई को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार तथा क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी, पटना स्वधा रिजवी संयुक्त रूप से करेंगे। जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य जिले के नागरिकों को पासपोर्ट सेवाएं आसान और सुलभ तरीके से उपलब्ध कराना है।
जिले में पासपोर्ट की बढ़ती मांग को देखते हुए यह शिविर आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2025 में 1 से 3 जुलाई तक आयोजित इसी प्रकार का शिविर सफल रहा था। अप्रैल 2024 से अब तक बिहार के विभिन्न जिलों में आयोजित यह 19वां पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर होगा, जिनके माध्यम से करीब 2,500 पासपोर्ट आवेदनों का सफल निष्पादन किया जा चुका है।
तीन दिवसीय शिविर में कुल 165 आवेदनों के निष्पादन का लक्ष्य रखा गया है। प्रतिदिन केवल 55 आवेदकों को अपॉइंटमेंट दिया जाएगा। इच्छुक नागरिकों को पासपोर्ट सेवा की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर लोकेशन के विकल्प में "पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर, लखीसराय" का चयन करना होगा।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से समय रहते ऑनलाइन आवेदन कर इस विशेष सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।