
वेरा का फूल तोड़ने गए वृद्ध की तालाब में डूबने से मौत
पत्नी के साथ गए थे हवलदार प्रसाद गोंड, हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम
#बलिया।
सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के लीलकर गांव में सोमवार शाम तालाब में डूबने से 65 वर्षीय वृद्ध हवलदार प्रसाद गोंड की मौत हो गई। वह अपनी पत्नी के साथ तालाब में वेरा का फूल तोड़ने गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक का माहौल है।
लीलकर गांव निवासी हवलदार प्रसाद गोंड (65) पुत्र राजनंदन गोंड सोमवार शाम करीब चार बजे अपनी पत्नी के साथ गांव के ही एक तालाब में वेरा का फूल तोड़ने गए थे। बताया जाता है कि फूल तोड़ते समय वह तालाब के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। पति को डूबता देख पत्नी ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से तालाब में तलाश कर वृद्ध का शव बाहर निकलवाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलिया भेज दिया। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
#बलिया #सिकन्दरपुर #लीलकर_गांव #हवलदार_प्रसाद_गोंड #तालाब_में_डूबने_से_मौत #दुर्घटना #बलिया_न्यूज #Ballia24News