
नवाचार:भविष्य की उड़ान
जीवद विद्यालय के विकास में ग्रामीणों ने निभाई भागीदारी, जनसहयोग से जुटाए 60 हजार रुपये
राकेश अग्रवाल जिला संवाददाता
सवाई माधोपुर। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की अभिनव पहल “भविष्य की उड़ान” के तहत विद्यालयों के भौतिक एवं शैक्षणिक विकास में जनभागीदारी लगातार बढ़ रही है। इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जीवद के विकास के लिए ग्रामीणों ने 60 हजार रुपये की जनसहयोग राशि प्रदान की।
उक्त राशि का चैक मुख्यमंत्री जन सहभागिता विद्यालय विकास योजना में जमा करवाने हेतु विद्यायल के प्रधानाचार्य ऋषिकेश मीना एवं ग्रामवासियों द्वारा सीडीईओ देवी लाल मीणा, एडीपीसी हरकेश लाल मीणा तथा डीईओ दिनेश कुमार गुप्ता की उपस्थिति में जिला कलक्टर काना राम को सौंपा गया। जिला कलक्टर ने विद्यालय विकास में ग्रामीणों की इस सकारात्मक पहल की सराहना की तथा अन्य विद्यालयों में भी जनभागीदारी को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
एडीपीसी हरकेश लाल ने बताया कि “भविष्य की उड़ान” पहल का उद्देश्य विद्यालयों के विकास में समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। योजना के तहत समुदाय द्वारा विद्यालय विकास के लिए दिए गए योगदान के आधार पर राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त राज्यांश उपलब्ध कराया जाता है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास को गति मिल रही है तथा समाज के छोटे-छोटे योगदान मिलकर विद्यालयों के लिए बड़े बदलाव का आधार बन रहे हैं।
60 हजार पर मिलेगा 90 हजार का अतिरिक्त राज्यांश
कार्यक्रम अधिकारी समग्र शिक्षा हेमराज मीना ने जानकारी देते हुए बताया कि जनसहयोग से प्राप्त 60 हजार रुपए की राशि पर योजनांतर्गत 90 हजार राज्य सरकार द्वारा राज्यांश के रूप में अतिरिक्त राशि प्रदान की जाएगी। इस प्रकार कुल 1 लाख 50 हजार रुपये विद्यालय विकास हेतु प्राप्त होंगे।
उक्त राशि का उपयोग विद्यालय में विद्यार्थियों हेतु फर्नीचर उपलब्ध कराने, कक्षा-कक्षों की मरम्मत तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने में किया जाएगा। इससे विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण और अधिक बेहतर एवं सुविधाजनक बनेगा।