
अधिकारियों ने जनसुनवाई में सुनी नागरिकों की समस्याएं
अनोखा तीर, हरदा। अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार एवं अनुपमा चौहान ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनी और उपस्थित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण इवने, एसडीएम हरदा अशोक कुमार डहेरिया, एसडीएम टिमरनी शैलेन्द्र बड़ोनिया, डिप्टी कलेक्टर श्वेता बम्होरे एवं असवनराम चिरामन सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे। जनसुनवाई में कन्या छात्रावास हरदा की रसोईया सावित्रीबाई, ममता बाई, सुगनाबाई, पुष्पाबाई व अन्य ने छात्रावास में कार्य के उपरांत कम मानदेय प्राप्त होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग को प्रकरण की जांच कर आवेदिकाओं की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम भटपुरा निवासी गेंदालाल पटनारे व ग्राम रेल्वा निवासी सावित्रीबाई ने जमीन का नामांतरण न होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर तहसीलदार हंडिया को आवेदकों की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम कुलहरदा निवासी हरिओम ने नक्शा दुरुस्त कराने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर एसडीएम हरदा को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में गढ़ीपुरा निवासी किरण वर्मा ने अधिक विद्युत बिल आने के संबंध में शिकायत की, जिस पर विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी को आवेदिका की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। हरदा के दूध डेयरी मोहल्ला निवासी शांतिबाई ने गत 6 माह से पेंशन राशि प्राप्त न होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग को आवेदिका की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम बारजा निवासी लक्ष्मण सिंह धुर्वे ने पत्नी की मृत्यु उपरांत अनुग्रह सहायता राशि की मांग की, जिस पर श्रम पदाधिकारी हरदा को आवेदक को पात्रता अनुसार सहायता राशि दिलाने के निर्देश दिए गए।
Harda, Harda | Sep 9, 2026