
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री व सूरजपुर जिला प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल की अध्यक्षता में मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में 'सेवा संकल्प अभियान' के सफल संचालन हेतु समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक भूलन सिंह मरावी और वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैंकरा सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में मंत्री बघेल ने निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल के उपलक्ष्य में आयोजित इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से जिले के प्रत्येक गांव, पंचायत और हर नागरिक तक पहुंचाया जाए, ताकि अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित हो सके।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए 'कहानी बदलाव की', 'सेवा सेतु', 'सेवा ज्योति यात्रा' और स्वास्थ्य परीक्षण जैसे रचनात्मक कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान और पंचायत स्तर पर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाएगा। मंत्री श्री बघेल ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में हर नागरिक की सहभागिता जरूरी है, अतः सभी विभाग आपसी समन्वय और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के इस संदेश को व्यापक स्वरूप दें।
#SevaSankalpAbhiyan #GoodGovernance #Surajpur #Chhattisgarh #VikasitBharat #JanKalyan #DanyaldasBaghel #Sushasan #FatafatNews