
मुजफ्फरपुर–सीतामढ़ी–सोनबरसा 4-लेन सड़क को कैबिनेट की मंजूरी, 3,591 करोड़ रुपये होंगे खर्च।
सीतामढ़ी। मुजफ्फरपुर से सीतामढ़ी होते हुए सोनबरसा बॉर्डर तक जाने वाली सड़क को 2-लेन से बढ़ाकर 4-लेन करने की परियोजना को केंद्रीय कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। करीब 3,591 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह 4-लेन सड़क उत्तर बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को और बेहतर करेगी।
इस फैसले के बाद सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर के लोगों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से इस मार्ग पर बढ़ते यातायात को देखते हुए सड़क को 4-लेन करने की मांग उठ रही थी।
सीतामढ़ी सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर मुजफ्फरपुर–सीतामढ़ी–सोनबरसा मार्ग को 4-लेन करने का आग्रह किया था। इसके बाद प्रस्ताव को आगे बढ़ाया गया और अब केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी प्रदान कर दी है।
इस परियोजना से मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और सोनबरसा क्षेत्र के बीच आवागमन आसान होने के साथ-साथ व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
परियोजना की मंजूरी पर सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार जताया है। जनप्रतिनिधियों ने भी इस निर्णय के लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद करते हुए सीतामढ़ी जिले की जनता को बधाई दी है।