
सिरसा जिले में विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित भगोड़ों (पीओ) की धरपकड़ को लेकर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पीओ स्टाफ सिरसा ने लड़ाई-झगड़े के मामले में 6 साल से फरार चल रही एक महिला आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार की गई महिला की पहचान तारा देवी पत्नी कन्हैया लाल, निवासी एमसी कॉलोनी सिरसा, हाल निवासी पटियाला (पंजाब) के रूप में हुई है।
पीओ स्टाफ प्रभारी ने बताया कि वर्ष 2020 में महिला आरोपी तारा देवी के खिलाफ थाना सिविल लाइन सिरसा में लड़ाई-झगड़े के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। बाद में अदालत से जमानत मिलने पर आरोपी जेल से बाहर आ गई, लेकिन इसके बाद वह निर्धारित तारीखों पर अदालत में पेश नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार, अदालत की ओर से आरोपी को पेश होने के लिए बार-बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन वह न्यायालय में हाजिर नहीं हुई। लगातार गैरहाजिर रहने पर माननीय अदालत ने 27 मई 2025 को तारा देवी को पीओ घोषित कर दिया। इसके बाद थाना सिविल लाइन सिरसा में आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 209 के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई। पीओ स्टाफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी को काबू कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस द्वारा मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।
#sirsasandesh #sirsanews #haryanapolice #crimenews #spsirsa
Sirsa, Sirsa | Nov 12, 2026