
छात्रों की आड़ में अराजकता फैलाने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई : विनोद पांडेय
रांची। छात्र आंदोलन से जुड़े मुद्दों को लेकर INDIA गठबंधन के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने छात्र आंदोलन की आड़ में अराजकता फैलाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में झामुमो, कांग्रेस और राजद के नेता शामिल रहे।
झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि गठबंधन छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों और उनकी समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। छात्रों के वास्तविक मुद्दों का समाधान सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन आंदोलन की आड़ में अराजकता फैलाने वालों को किसी भी स्थिति में संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव को आंदोलन से संबंधित वीडियो फुटेज भी सौंपे। नेताओं ने मांग की कि फुटेज के आधार पर आंदोलन में शामिल छात्रों और अराजक तत्वों की अलग-अलग पहचान की जाए। जो लोग कानून-व्यवस्था बिगाड़ने में शामिल पाए जाएं, उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाए और निर्दोष छात्रों को परेशान नहीं किया जाए।
विनोद पांडेय ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक तत्व छात्र आंदोलन को भटकाने और सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के वास्तविक सवालों का समाधान निकालने के बजाय आंदोलन को राजनीतिक हथियार बनाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जा सकती।
प्रतिनिधिमंडल ने सीआईडी जांच में तेजी लाने और परीक्षा से जुड़े मामलों, विशेषकर CGL, में पारदर्शी एवं निर्णायक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, जांच एजेंसियां पहले से सक्रिय हैं और मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी व पूछताछ की कार्रवाई जारी है। नेताओं ने 48 घंटे के भीतर अराजक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग भी रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि जांच में कोई छात्र भी अराजक गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो केवल छात्र होने के आधार पर उसे संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। दोष साबित होने पर छात्र हो या राजनीतिक कार्यकर्ता, सभी के खिलाफ समान रूप से कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
INDIA गठबंधन ने कहा कि छात्रों के भविष्य और उनके वास्तविक मुद्दों से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर समय रहते कार्रवाई जरूरी है, ताकि निर्दोष छात्रों का भरोसा कायम रहे और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेता:
झामुमो: केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय, विधायक विकास मुंडा, विधायक एमटी राजा, विधायक सुदीप गुड़िया।
कांग्रेस: प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक राजेश कच्छप, विधायक सुरेश बैठा, विधायक ममता देवी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर।
राजद: मनोज पांडेय, आबिद अली।
Namkum, Ranchi | Sep 3, 2026