
अजमेर में होटल में चल रहे जुआ-सट्टे का पर्दाफाश, 11 आरोपी गिरफ्तार; 7.56 लाख रुपये बरामद
खबर
अजमेर। जिला स्पेशल टीम अजमेर और मदनगंज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए होटल में चल रहे जुआ-सट्टे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 लाख 56 हजार 60 रुपये की जुआ राशि बरामद की है। कार्रवाई के दौरान 11 मोबाइल फोन और 6 वाहन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाल के निर्देशन में जुआ-सट्टा खेलने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। इसी दौरान जिला स्पेशल टीम के प्रभारी शंकर सिंह रावत को मुखबिर से सूचना मिली कि मदनगंज थाना क्षेत्र स्थित होटल रॉयल हेरिटेज में लाखों रुपये का जुआ-सट्टा चल रहा है। सूचना पर डीएसटी और मदनगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने होटल में दबिश दी। होटल के पीछे बने कमरा नंबर 407 में 11 लोग हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलते हुए मिले। पुलिस ने मौके से आरोपियों के कब्जे से हार-जीत के दांव पर लगी 7,56,060 रुपये की जुआ राशि बरामद की। इसके साथ ही 11 मोबाइल फोन और 6 वाहन भी जब्त किए गए। जब्त वाहनों में स्कॉर्पियो, स्विफ्ट, क्रेटा, बोलेरो, मारुति अर्टिगा और बलेनो शामिल हैं। पुलिस ने सभी 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर मदनगंज थाने में मामला दर्ज किया है। Ajmer Police Rajasthan Rajasthan Police
Ajmer, Ajmer | Aug 11, 2026