
अररिया, 22 अक्टूबर 2026
26 एवं 27 अक्टूबर से जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 का आयोजन
जिले के युवाओं की कला, संस्कृति एवं रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 का आयोजन दिनांक 26 एवं 27 अक्टूबर 2026 को अररिया में खेल भवन सह व्यायामशाला अररिया में किया जाएगा। इस उत्सव में जिले के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों तथा संस्थानों के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
युवा उत्सव के दौरान समूह लोकनृत्य, समूह लोकगीत, चित्रकला (पेंटिंग), कविता लेखन एवं नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। नुक्कड़ नाटक का विषय ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ निर्धारित किया गया है। इस विधा में अधिकतम 10 प्रतिभागी भाग ले सकेंगे तथा प्रस्तुति के लिए अधिकतम सात मिनट का समय निर्धारित है। कविता लेखन प्रतियोगिता में अधिकतम 500 शब्दों में रचना प्रस्तुत करनी होगी, जिसके लिए डेढ़ घंटे का समय दिया जाएगा।
समूह लोकनृत्य एवं समूह लोकगीत प्रतियोगिताओं में अधिकतम 10 कलाकार भाग ले सकेंगे। इनमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिकतम सात कलाकार तथा 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के तीन सहयोगी कलाकार शामिल हो सकते हैं। दोनों विधाओं की प्रस्तुति के लिए पांच से आठ मिनट का समय निर्धारित किया गया है। समूह लोकनृत्य में रिकॉर्डेड संगीत की अनुमति नहीं होगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक युवाओं के लिए My Bharat Portal (mybharat.gov.in) पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। पंजीकरण के बाद प्राप्त My Bharat ID की छायाप्रति आवेदन के साथ संलग्न करनी होगी। निर्धारित नियमों के अनुसार, प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में भाग ले सकेगा। प्रतिभागियों की आयु की गणना निर्धारित पात्रता तिथि 17 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। इस तिथि तक प्रतिभागी की आयु 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर 2026 को शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। इच्छुक प्रतिभागी अपना आवेदन निर्धारित प्रपत्र में कला एवं संस्कृति कार्यालय, खेल भवन-सह-व्यायामशाला, अररिया में जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज एवं My Bharat ID की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। आवेदन पत्र प्राप्त करने के लिए उपलब्ध कराए गए QR कोड को स्कैन किया जा सकता है।
जिला प्रशासन, अररिया की ओर से जिले के सभी पात्र युवाओं से अपील की जाती है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीकरण एवं आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर युवा उत्सव में भाग लें तथा अपनी कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करें।
Araria, Bihar | Oct 22, 2026