
सिरसा जिले में नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा पुलिस की टीम ने गांव गदली क्षेत्र से कार सवार दो युवकों को हजारों रुपये की 6 ग्राम 790 मिलीग्राम हेरोइन सहित काबू किया है। आरोपियों के खिलाफ थाना डिंग में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार, एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा पुलिस की टीम गश्त व चेकिंग के दौरान डिंग थाना क्षेत्र के गांव गदली की तरफ जा रही थी। इसी दौरान, जब पुलिस पार्टी नहर पुल के नजदीक पहुँची, तो सामने कच्चे रास्ते पर एक कार आती दिखाई दी। उक्त कार में सवार युवकों ने सामने पुलिस की गाड़ी को देखते ही अचानक कार को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया, जिससे कच्चे रास्ते पर गाड़ी अचानक बंद हो गई।
शक के आधार पर कार सवार युवकों को काबू कर नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली गई, तो उनके कब्जे से 6 ग्राम 790 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। पकड़े गए युवकों की पहचान विक्रम उर्फ चीकू पुत्र दिलीप सिंह और विनोद उर्फ सीटू पुत्र कृष्ण लाल, निवासी नारायणखेड़ा, जिला सिरसा के रूप में हुई है।
एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी के अनुसार, आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान यह पूछताछ की जाएगी कि हेरोइन कहाँ से लाई गई थी और आगे किसे सप्लाई की जानी थी। साथ ही, नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जाएगी। नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
#sirsasandesh #sirsanews #haryanapolice #crimenews #spsirsa
Sirsa, Sirsa | Nov 12, 2026