
रिद्धि-सिद्धि गरबा मंडल के महोत्सव में सामाजिक समरसता का संदेश, पांचवें दिन गरबा-डांडिया ने बांधा समां
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
चित्तौड़गढ़। वार्ड संख्या 33 स्थित मीणा मोहल्ले में न्यू रिद्धि-सिद्धि गरबा मंडल की ओर से आयोजित दस दिवसीय गणेश महोत्सव के पांचवें दिन धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक उत्साह और सामाजिक समरसता का संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में महिला-पुरुषों ने गरबा-डांडिया में उत्साहपूर्वक भाग लिया, वहीं महिलाओं के लिए आयोजित पेचक रेस प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही।
अतिथियों का आयोजकों की ओर से उपरना ओढ़ाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान आतिशबाजी भी की गई।
महोत्सव की शुरुआत गणेश पूजन एवं आरती के साथ हुई थी। आयोजन की विशेष पहल के तहत प्रतिदिन गणपति आरती के बाद सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया जा रहा है। इसके बाद गरबा-डांडिया सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। दस दिवसीय आयोजन में बच्चों और बड़ों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं रखी गई हैं तथा विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे।
महोत्सव के आगामी कार्यक्रम के तहत रविवार को भगवान गणपति को 56 भोग अर्पित किया जाएगा। इसके लिए सर्वसमाज की महिलाओं को ऐच्छिक रूप से 85 पर्चियां वितरित की गई हैं। पर्ची के माध्यम से निर्धारित प्रसाद के पकवान महिलाएं अपने-अपने घरों से तैयार कर लाएंगी और सामूहिक रूप से भगवान गणपति को 56 भोग अर्पित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य धार्मिक आयोजन के साथ सर्वसमाज की महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करना है।
मंडल की ओर से शहरवासियों से सपरिवार आयोजन में शामिल होने की अपील की गई है। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि महोत्सव सामाजिक सहभागिता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक एकता को समर्पित है तथा इसमें सभी समाजों के लोगों का स्वागत है।